टैक्सियों में भारी भरकम किराया अदा कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा
क्षेत्र के ग्रामीणों में निगम प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। रामपुर बस अड्डे से समय पर बस न चलने के कारण रामपुर-दलाश-नित्थर रूट पर लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बस करीब एक से डेढ़ घंटा देरी से चल रही है। इस कारण रास्ते में जगह-जगह सवारियों को घंटों बस का इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ लोग टैक्सियां बुक कर भारी भरकम किराया अदा कर गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। रामपुर-दलाश-नित्थर बस सेवा से दलाश क्षेत्र की करीब 10 पंचायतों के लोग लाभान्वित होते हैं। बस चलने का समय रामपुर बस अड्डे से दोपहर 2:00 बजे का है, लेकिन बस कभी 3:00 बजे तो कभी 3:30 बजे चल रही है। बस के इंतजार में यात्री रामपुर से नित्थर तक जगह-जगह खड़े रहते हैं। वहीं, लूहरी, दलाश और नित्थर के बीच में कई जगह जंगल का क्षेत्र है। इन रास्तों में भी जगह-जगह यात्री खड़े रहते हैं, जिससे लोगों पर खतरा बना रहता है। दलाश पंचायत प्रधान सत्येंद्र शर्मा, उपप्रधान सोहनी राम राठी और बीडीसी अध्यक्ष विजय कंवर ने रामपुर निगम प्रबंधन से मांग की है कि बस सेवा को समय पर रामपुर बस अड्डे से भेजा जाए।
इधर, आरएम रामपुर अतुल गुप्ता का कहना है कि कई बार बसों की मरम्मत में थोड़ा समय लग जाता है। इस कारण बस लेट हो जाती है। यह भी रोज-रोज नहीं होता है। कभी-कभी बस के समय में थोड़ी देरी हो जाती है। बस समय पर ही चलाई जाती है और आगे भी समय पर ही भेजी जाएगी।