पांगी निवासी को राष्ट्रीय रक्षा उत्पादन अकादमी में मिला अहम पद
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
किन्नौर जिले के पांगी गांव से संबंध रखने वाले राजेंद्र कुमार नेगी (आईओएफएस-97) ने राष्ट्रीय रक्षा उत्पादन अकादमी (एनएडीपी), नागपुर में प्रधान निदेशक का पदभार संभाल लिया है। उनकी इस उपलब्धि से पांगी गांव सहित किन्नौर जिले में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है।
प्रधान निदेशक का पदभार संभालने से पहले राजेंद्र कुमार नेगी रक्षा मंत्रालय के अधीन ऑर्डनेंस फैक्टरी संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे जनजातीय कार्य मंत्रालय में निदेशक और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय महत्व की कई पहलों में योगदान दिया। नीतिगत निर्णयों, संस्थागत विकास और प्रशासनिक कार्यों में भी उनकी भूमिका रही है। रक्षा उत्पादन, विनिर्माण प्रबंधन, उत्पादन योजना, डिजिटल गवर्नेंस, कैबिनेट मामलों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए एनएडीपी में उनकी नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राजेंद्र कुमार नेगी के प्रधान निदेशक का पदभार संभालने पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।