वॉलीबाॅल में बने चैंपियन, शतरंज में दूसरा स्थान प्राप्त किया
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। अंडर-19 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में चौपाल जोन की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। टीम ने वॉलीबॉल में चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। साथ ही शतरंज में दूसरा स्थान हासिल किया। चौपाल जोन की टीम ने वॉलीबॉल में बेहतरीन खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और द्वितीय स्थान पर रहीं। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में चौपाल की टीम का निर्वाण जोन से कड़ा मुकाबला हुआ। यह एक रोमांचक संघर्ष था। चौपाल की टीम को महज एक अंक के अंतर से हार मिली। इस हार के साथ टीम उपविजेता रही। चौपाल जोन की छात्राओं के इस प्रदर्शन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने खिलाड़ियों की सफलता को सराहा है। उन्होंने इस प्रदर्शन का श्रेय उनके नियमित अभ्यास और अनुशासन को दिया। खेल शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ के मार्गदर्शन को भी महत्वपूर्ण बताया गया। इस प्रतियोगिता ने साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।