ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील के पनोली गांव में खुले शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। खुन्नी-पनोली पंचायत की वार्ड सदस्य डिंपल मेहता की अगुवाई में महिलाओं ने शराब ठेके को बंद करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
महिलाओं का कहना है कि शराब ठेका खुलने से बच्चों का रुझान भी नशे की ओर बढ़ रहा है।
वहीं, ठेके के आसपास से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चों के साथ शराब के नशे में नशेड़ी अभद्र व्यवहार करते हैं। महिलाओं ने सरकार को चेताया है है कि यदि शराब ठेका बंद नहीं किया गया तो तहसील कार्यालय ननखड़ी में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ननखड़ी तहसील की खुन्नी-पनोली पंचायत के पनोली गांव में खुले शराब ठेके के खिलाफ महिला मंडल की सदस्य शुक्रवार को सड़क पर उतर आई हैं। महिलाओं ने सरकार और विभाग से प्रदर्शन के माध्यम से शराब के ठेके को बंद करने की मांग उठाई। इस दौरान महिलाओं ने ठेका खोलने के विरोध में जमकर नारेबाजी की और तुरंत प्रभाव से इसे बंद करवाने की मांग की।
वार्ड सदस्य डिंपल मेहता, महिला मंडल अध्यक्ष आशा मेहता, हीरामणि मेहता, जियामणि मेहता, हीरा देवी, पुष्पा मेहता, कमला मेहता, किरण मेहता, चंदु मेहता, कलावती मेहता, रीता मेहता, ऊषा मेहता और रंजू मेहता ने कहा कि ठेके के आसपास से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चों के साथ शराबी अभद्रता कर रहे हैं, वहीं इससे क्षेत्र के युवाओं और बच्चों पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द ही उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो ग्रामीणों को लामबंद कर तहसील मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।