सांगला (किन्नौर)। जिले के रिकांगपिओ पेट्रोल पंप के समीप वीरवार देर शाम विशेष अन्वेषण पुलिस की टीम ने एक नेपाली मूल के व्यक्ति को 18 ग्राम चरस के साथ दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रिकांगपिओ पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार देर शाम को प्रभारी किन्नौर नरेंद्र कुमार कौंडल की अगुवाई में मुख्य आरक्षी कुलदीप डोगरा, आरक्षी विक्रम और आरक्षी संजय की टीम गश्त पर थी। इस दौरान शुदारंग से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ की तरफ आ रहे एक नेपाली मूल के एक व्यक्ति को 18 ग्राम चरस के साथ पकड़ा, जिसकी पहचान टेक बहादुर (34) के तौर पर हुई है।
मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर एसआर राणा ने की है। उन्होंने कहा कि विशेष अन्वेषण पुलिस टीम ने एक नेपाली मूल के व्यक्ति से 18 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।