संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले का बाजार इस बार इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम में सजा, लेकिन मेले में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे व्यापारियों के लिए प्रशासन शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं कर सका। इस कारण व्यापारियों को स्टेडियम के साथ लगती शिकड़ी खड्ड पर खुले में शौच के लिए जाना पड़ा। इससे नदी के तट पर गंदगी का आलम है। शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम में चार सौ से अधिक दुकानें और स्टाल सजाए गए हैं। एक करोड़ रुपये से अधिक आय मेले के बाजार से मेला कमेटी को हुई। हालांकि, नगर परिषद ने मेले के बाजार में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए हैं। रोजाना परिषद की गाड़ी कूड़ा इकट्ठा कर रही है, लेकिन व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी शौचालय की उचित व्यवस्था न होने के कारण पेश आई। स्टेडियम में बाहरी क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में व्यापारी 22 दिनों से अपनी दुकानें सजाकर बैठे हैं। सैकड़ों व्यापारियों व खरीदारी के लिए आने वाले हजारों लोगों के लिए स्टेडियम के बाहर मात्र दो शौचालय उपलब्ध रहे। दो शौचालयों में सभी का शौच जा पाना संभव नहीं था। इस कारण व्यापारियों को शिकड़ी खड्ड के तट पर खुले में शौच जाना पड़ा, जिससे कस्बे को बाह्य शौच मुक्त बनाने के दावे भी हवा हो गए। बाहरी राज्य से आए व्यापारी मोहित वर्मा, शुभम सिंह, रौनित, अब्दुल, जाहिद, अभिषेक और जितेंद्र सिंह ने बताया कि स्टेडियम में शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं थी। इस कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। दो शौचालयों में सभी का शौच जाना संभव नहीं है, इसलिए खुले में खड्डे के किनारे शौच करना पड़ा। उन्होंने मांग उठाई कि अगली बार शौचालयों की उचित व्यवस्था की जाए।
परिषद की ओर से स्टेडियम में सफाई की व्यवस्था को देख जा रहा था। व्यापारियों के लिए शौचालय की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जानी थी। इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।
सुजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष, नगर परिषद