शिमला मटौर हाईवे पर दधोल में सड़क पर पड़े गड्ढे में फंस कर फटा कार का टायर । संवाद
बड़े हादसे की आशंका, भगेड़ से भोटा तक हाईवे पर गड्ढों की भरमार
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के दधोल चौक के पास धर्मशाला-शिमला हाईवे पर गड्ढों के कारण गाड़ियों के टायर फट रहे हैं। गड्ढों से बड़े हादसे की आशंका है।
भगेड़ से भोटा तक शिमला-धर्मशाला हाईवे की हालत बदतर हो चुकी है। सड़क पर गड्ढों के कारण रोजाना गाड़ियों को नुकसान हो रहा है। दोपहिया वाहन सवार हादसों का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद विभाग का इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। होली से एक दिन पहले चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली से लोग वाहनों में घरों को जा रहे थे। इस दौरान दधोल के पास बीच सड़क पर गड्ढे में आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों के टायर फट गए। एक स्कूटी चालक हादसे का शिकार हो गया। सड़क पर पड़े गड्ढों की मरम्मत करवाने में विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि किसी बड़े अधिकारी के वाहन का टायर ऐसे गड्ढे में फट जाता तो दूसरे ही दिन सड़क की मरम्मत करती नजर आती, लेकिन आम जनता के साथ हो रहे हादसों से अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं और हादसों का कारण बन जाते हैं। इस संदर्भ में एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने कहा कि संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि जल्द गड्ढों की मरम्मत की जाए ताकि कोई हादसा न हो।
शिमला मटौर हाईवे पर दधोल में सड़क पर पड़े गड्ढे में फंस कर फटा कार का टायर । संवाद