नगर परिषद रामपुर के चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टीयों को रवाना करते एसडीएम सुरेंद्र मोहन।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर नगर परिषद चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार को नप रामपुर चुनाव के लिए बनाए गए सभी 9 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है। नप क्षेत्र में रविवार को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान प्रक्रिया शुरू होगी।
शाम चार बजे के बाद कोरोना संक्रमित लोगों के लिए मतदान का समय निर्धारित किया गया है। नगर परिषद रामपुर के 9 वार्डों में 21 प्रत्याशी पार्षदों का चुनाव लड़ रहे हैं। इन पार्षदों के समर्थन में कांग्रेस और भाजपा के लोग प्रचार कर रहे हैं। उनके पार्टी के समर्थक पार्षद उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। नगर परिषद रामपुर का मतदान प्रात: काल 8 से सांय 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अक्षम लोगों को सभी पोलिंग बूथों में व्हीलचेयर की व्यवस्था भी गई है, जिससे मतदान में आने वाले बुजुर्गों और अक्षम लोगों को मतदान करते हुए परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर परिषद रामपुर के चुनाव में करीब 5157 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। इनमें 2778 पुरुष और 2379 महिला मतदाता हैं। देर रात तक पार्षदों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
नगर परिषद के वार्ड नंबर 1 के लिए पदम स्कूल में मतदान होंगे, जबकि वार्ड 2 के मतदान प्राथमिक स्कूल पदमनगर, तीन के मतदान राजकीय प्राथमिक पाठशाला रामपुर में, 4 के कन्या स्कूल रामपुर, 5 के मतदान प्राथमिक स्कूल खोपड़ी, 6 के मतदान सर्व शिक्षा अभियान केंद्र डकोलड़ में, जबकि वार्ड नंबर 7 के मतदान वन विभाग के रेस्ट हाउस फैनीधार डकोलड़ में होंगे। इसके अलावा वार्ड 8 के मतदान आईटीआई रचोली और वार्ड नंबर 9 का मतदान प्राथमिक स्कूल खनेरी में होगा।
आरओ एवं एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि प्रशासन ने चुनाव को लेकर पूरी तैयारियां कर ली हैं। सभी वार्डों में कोविड-19 के दिशा-निर्देशानुसार ही मतदान प्रक्रिया करवाई जाएगी। नगर परिषद चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टी रवाना कर दी गई है।