रामपुर में डीएसपी और एसएचओ का पद भी चल रहा खाली
कानून व्यवस्था रामभरोसे, तहसीलों में भटक रही जनता : कौल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल में विभिन्न विभागों में अहम पद रिक्त हैं। रामपुर में न डीएसपी और न ही थाना प्रभारी की तैनाती हो पाई है। ऐसे में कानून व्यवस्था रामभरोसे चल रही है। वहीं ननखड़ी और तकलेच में नायब तहसीलदार और कानूनगो के पद खाली चल रहे हैं। क्षेत्र की जनता राजस्व कार्य के लिए भटक रही है। यह बात भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने कही।
उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में सुक्खू सरकार सत्ता में आई है, व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर हर व्यवस्था का मजाक बन गया है। उन्होंने कहा कि उपमंडल में एसएचओ का पद खाली पड़ा है और डीएसपी का पद भी दो माह से रिक्त चल रहा है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे चल रही है। डीएसपी और एसएचओ की तैनाती न होने से एक ओर जहां कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, वहीं नशाखोरी का धंधा करने वाले और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इसके अलावा तकलेच और ननखड़ी में भी नायब तहसीलदार और कानूनगो के पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग अभी तक नोगली के आसपास सडक़ों पर पड़े मलबे को नहीं उठा पाया है, जिससे हादसों का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि रामपुर उपमंडल में रिक्त पदों को जल्द भरा जाए।