एक आरोपी पर एनडीपीएस के छह और अन्य पर दो-दो मामले दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। जिला पुलिस ने पिट-एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत तीन आदतन नशा तस्करों को हिरासत में ले कर जेल भेजा है। इन तस्करों में से एक पर छह मामले और दो तस्करों पर दो-दो मामले मादक पदार्थ अधिनियम के तहत विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी सचिन श्याम उर्फ सच्चु निवासी गांव खोलीघाट तहसील ननखड़ी, दीपक राजटा निवासी गांव तांदली तहसील रोहड़ू और शुभम कश्यप निवासी गांव जंदल तहसील सुन्नी के विरुद्ध प्रस्तावित कार्रवाई को प्रदेश सरकार की ओर से अनुमोदित किया गया, जिसके बाद पिट-एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत आदेश पारित किए गए। इन आदेशों की अनुपालना में शुक्रवार को थाना ननखड़ी, थाना रोहड़ू और एसआईयू शिमला की पुलिस टीमों ने डीसीआरबी शिमला के सहयोग से इन तस्करों को को शिमला और रोहड़ू क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। आगामी वैधानिक प्रक्रिया के तहत आरोपियों को आदर्श कारागार कंडा में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन श्याम लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय रूप से संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ साल 2012 और 2015 में पुलिस थाना न्यू शिमला, साल 2017 में ढली थाना, साल 2022 में ननखड़ी थाना और इस साल जनवरी में कुमारसैन थाना में दो मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। आरोपी दीपक राजटा पर मार्च 2025 में चिड़गांव थाना और अप्रैल 2025 में रोहड़ू थाना में एनडीपीएस के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी शुभम कश्यप मार्च 2024 में पुलिस थाना पूर्व शिमला और सितंबर 2025 में पुलिस थाना पश्चिम शिमला में एनडीपीएस एक्ट तहत मामले दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि जिला पुलिस की ओर सेनशा तस्करी में संलिप्त आदतन एवं पुनरावृत्ति करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पिट-एनडीपीएस अधिनियमों के प्रावधानों का सख्ती एवं प्रभावी रूप से क्रियान्वयन किया जा रहा है।