अंतरराष्ट्रीय लवी मेला कमेटी ने व्यापारियों को सामान समेटने के दिए फरमान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में सजे अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को सजे एक माह से अधिक समय बीत गया है। ऐसे में अब लवी मेला कमेटी ने मेले में आए व्यापारियों से अपना सामान समेटने के निर्देश दिए हैं। सोमवार में मेले में सजी दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड को बिजली, पानी की आपूर्ति बंद करने को कहा गया है।
गौर हो कि रामपुर में 11 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारंभ हुआ था। करीब एक माह तक मेले में खूब व्यापारिक गतिविधियां चलीं। मेला कमेटी ने पहले जहां आठ दिसंबर तक मेला सजाने की इजाजत दी थी। वहीं, व्यापारियों ने मेले में घाटे का हवाला देकर मेला कमेटी से अतिरिक्त समय देने की मांग उठाई थी। व्यापारियों की मांग के बाद मेले की अवधि तो बढ़ गई। लवी मेला कमेटी और नगर परिषद ने व्यापारियों को 15 दिसंबर रविवार तक ही मेला सजाने की इजाजत दी थी। रविवार को मेला सजाने की मोहलत समाप्त हो गई है। अब नगर परिषद की ओर से आज से लवी मेले के लिए नेशनल हाईवे-पांच और पाटबंगला मैदान में सजी दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मेला कमेटी ने स्पष्ट कर दिया है कि सोमवार से यदि व्यापारी दुकानें नहीं हटाते हैं, तो उनका सामान जब्त कर दिया जाएगा। वहीं, लवी मेला कमेटी ने जल शक्ति विभाग को पेयजल और बिजली बोर्ड को बिजली की सप्लाई सोमवार से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को दिन भर लोग मेले में उमड़े। लोगों ने मेला मैदान में जमकर खरीदारी की। बीते वर्षों के मुकाबले इस वर्ष लवी मेले में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मेले में आए व्यापारियों को रविवार तक सामान बेचने की इजाजत दी गई थी। सोमवार से प्लॉट हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग को बिजली, पानी काटने के निर्देश दिए गए हैं।
- रामपुर निशांत तोमर, लवी मेला कमेटी सचिव एवं एसडीएम
रविवार को लवी मेले के आखिरी दिन उमड़ी भीड़।
रविवार को लवी मेले के आखिरी दिन उमड़ी भीड़।