ठियोग (रामपुर बुशहर)। खेलकूद एवं सांस्कृतिक क्लब की ओर से आयोजित पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग के मुकाबले चल रहे हैं। यह प्रतियोगिता ठियोग के पोटेटो मैदान में पूर्व विधायक दिवंगत मेहर सिंह चौहान की याद में आयोजित की जा रही है। वीरवार को पहले सत्र में पांच सालों से सीनियर कबड्डी के प्रयोजक बृजेश कंवर मैदान पहुंचे। उनके साथ सिरयुन पंचायत के प्रधान सुनील वर्मा मौजूद रहे। दूसरे सत्र में मुख्यातिथि के रूप में ऊना जिला उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग के देवकांत प्रकाश खाची मौजूद रहे। खाची के साथ एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष योगेश दत्त विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। क्लब के अध्यक्ष काली राम चंदेल ने अतिथियों का स्वागत शॉल और टोपी पहनाकर किया। उन्होंने स्थानीय और जिला प्रशासन से मैदान को पार्किंग स्थल न बनाए जाने का आग्रह किया। उन्होंने मैदान को खेल के लिए खाली रखे जाने के लिए प्रशासन से विशेष मांग की। उन्होंने मुख्यातिथि खाची को कबड्डी खेल के जरूरी मेट उपलब्ध करवाने के लिए आभार जताया। देवकांत प्रकाश ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए उनका अधिक रुझान खेलों के तरफ मोड़े जाने से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
क्वार्टर फाइनल के मैच शुरू
वाॅलीबाल में केलवी और मधान, चियोग और बलग, सैंज और नाहौल, देवठी और बनी के बीच क्वाटर फाइनल मैच खेले जा रहे हैं। इन मुकाबलों में कांटे की टक्कर देखी जा रही है। इस कारण कारण प्रतियोगिता के सेमीफाइनल टीमों के चयन में अधिक समय लग रहा है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-19 और सीनयर वर्ग की सभी खेलों के फाइनल खेले जाएंगे।