एचआरटीसी रामपुर वर्कशॉप में पीसमील वर्कर्स बैठक के दौरान धरना
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। परिवहन निगम रामपुर डिपो में पीसमील वर्करों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। वहीं कर्मचारियों ने वर्कशॉप में निजी मैकेनिक को बुलाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। संघ ने चेताया है कि अगर दोबारा ऐसा हुआ तो वह पूरी तरह से काम बंद कर देंगे।
पीसमील कर्मचारी संघ रामपुर के प्रधान नानक चंद, प्रेस सचिव शादीलाल और अध्यक्ष हितेंद्र मेहता ने कहा कि एचआरटीसी रामपुर वर्कशॉप में पीसमील वर्करों की इन दिनों टूल हड़ताल जारी है। इसी बीच वीरवार को बस की कमानी का काम करने के लिए आरएम रामपुर ने चूहाबाग से मैकेनिक को बुलाया, जो वाहन संख्या एचपी 06-6258 का काम करने के लिए कार्यशाला में आया था।
लंच टाइम में जब पीस मील वर्कर भोजन करने जा रहे थे, तो उन्होंने देखा कि वर्कशॉप में कोई निजी व्यक्ति काम कर रहा है। जब सभी पीसमील वर्करों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में फिर से ऐसी घटना पेश आई तो वे कार्य का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि पीसमील कर्मचारी बीते कई वर्षों से मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठा रहे हैं, लेकिन सरकार और निगम प्रबंधन उनकी अनुबंध की मांग को पूरा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। ऐसे में निगम प्रबंधन की दोहरी कार्यप्रणाली को लेकर पीसमील कर्मचारियों में भारी रोष है।