चौपाल(रोहडू) । उपमंडल चौपाल के तहसील मुख्यालय कुपवी से आठ किलोमीटर दूर सैंज खड्ड-कुपवी मार्ग पर डिमी में वीरवार देर रात एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बृज मोहन उर्फ विशाल (30) वर्ष पुत्र ग्यार सिंह गांव बागना, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पिकअप धारचांदना से कुपवी की ओर जा रही थी। दौलत मोड़ पर अनियंत्रित होकर पिकअप करीब पचास मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही कुपवी पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थानीय लोगों की मदद से मृतक को खाई से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के मामले की पुलिस मौके पर जांच कर रही है। प्रशासन की तरफ से तहसीलदार कुपवी राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये फौरी राहत दी गई है। संवाद