सड़क से दो किलोमीटर दूर होने से मरीजों और कर्मचारियों को हो रही है परेशानी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी आनी (कुल्लू)। आनी खंड की दुर्गम लगौटी पंचायत में चार पंचायतों के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा देने वाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खुद बदहाली का शिकार है। वर्ष 2012 में पीएचसी खोलने की घोषणा हुई और वर्ष 2014 में यहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हुईं, लेकिन करीब 14 साल बीतने के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र को अपना भवन नहीं मिल पाया है। वर्तमान में यह पीएचसी पंचायत घर के एक पुराने और जर्जर कमरे में चल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र की सबसे बड़ी समस्या इसकी सड़क से दूरी है। मौजूदा भवन सड़क से करीब दो किलोमीटर दूर होने के कारण मरीजों को पैदल सफर कर यहां पहुंचना पड़ता है। गंभीर मरीजों और बुजुर्गों के लिए यह दूरी किसी चुनौती से कम नहीं है। वहीं, स्वास्थ्य कर्मचारियों को दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। भवन के ऊपर ढांक होने से पत्थरों के गिरने का खतरा बना रहता है। कमरे में सीलन के कारण दवाइयों के खराब होने की आशंका है, जबकि डॉक्टर के बैठने तक के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। लगौटी के अलावा टकराई, करशेईगाड़ और फनौटी पंचायतों के ग्रामीण इसी स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। इसके बावजूद यहां स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। डॉक्टर प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद लंबे समय से खाली पड़ा है। ऐसे में कई बार स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए भी कर्मचारी उपलब्ध नहीं होता। इससे ग्रामीणों को छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए भी दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है।
सड़क के नजदीक भवन में स्थानांतरित करने की तैयारी
लगौटी पंचायत के उपप्रधान दिलीप कटोच ने बताया कि पीएचसी भवन के लिए जमीन देखी जा रही है। जल्द ही एफआरसी तैयार कर मंजूरी के लिए फाइल भेजी जाएगी। तब तक सड़क के नजदीक स्वास्थ्य केंद्र चलाने के लिए कमरे तलाशे जा रहे हैं, ताकि इसे जल्द स्थानांतरित किया जा सके।
लगौटी स्वास्थ्य केंद्र का मौजूदा भवन बेहद खस्ताहाल है। पुराने और छोटे कमरे में डॉक्टर के बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं है। सीलन के कारण दवाइयों को सुरक्षित रखना भी चुनौती बना हुआ है। जमीन उपलब्ध होते ही नए भवन के निर्माण के लिए बजट और अन्य औपचारिकताओं की प्रक्रिया विभाग के माध्यम से शुरू की जाएगी।
डॉ. भागवत मेहता, बीएमओ, आनी