रोहड़ू। राजकीय बहुतकनीकी रोहड़ू में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं फार्मेसी सप्ताह के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। फार्मेसी विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई और उन्हें फार्मासिस्ट दिवस की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. धीरज कौशिक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर राजकीय बहुतकनीकी किन्नौर के प्रधानाचार्य पंकज पथिक भी मौजूद रहे। फार्मेसी विभागाध्यक्ष शशि शर्मा ने फार्मासिस्ट दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान धन्वंतरि, चरक, सुश्रुत, पंडित मदन मोहन मालवीय, प्रो. एमएल श्रॉफ और पीसी राय सहित फार्मेसी एवं चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने वाली विभूतियों को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
राजकीय बहुतकनीकी रोहड़ू और राजकीय बहुतकनीकी किन्नौर के करीब 70 स्टाफ सदस्यों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। रक्तचाप, रक्त शर्करा, तापमान सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने फार्मेसी, स्वास्थ्य जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर आकर्षक पोस्टर तैयार किए।