रोहडू़। उपमंडल में कार के दस्तावेज मांगने पर पुलिस कर्मी को रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना रोहडू़ में तैनात एएसआई रंजीत सिंह प्रभारी ट्रैफिक विंग रोहडू़ ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में बताया कि नौ अप्रैल की रात को वह थाना स्टाफ के साथ नाकाबंदी और ट्रैफिक ड्यूटी के लिए 8.40 बजे रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने एक जीप को जांच के लिए रोका। उस समय कार में चालक सहित तीन लोग सवार थे। पुलिस की टीम ने जब कार में सवार चालक से वाहन संबंधित दस्तावेज मांगे तो उसने वाहन में रखे बैग से रिवॉल्वर निकालकर लहराने लगा। इस दौरान उसने एएसआई रंजीत को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस दौरान कार में बैठे अन्य दो लोग पुलिस के साथ बहस करने लगे। पुलिस ने बताया कि पूछने पर एक व्यक्ति ने अपना नाम प्रदीप ठाकुर बताया है। पुलिस ने कार में बैठे तीनों लोगों के खिलाफ पुलिस थाना रोहडू़ में भादसं की विभिन्न धाराओं और 25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी रोहडू़ चमन लाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।