जिला कुल्लू के पेंशनरों ने निरमंड में बैठक कर बनाई रणनीति
15 अक्तूबर को हमीरपुर में होने वाले प्रदर्शन में बढ़ चढ़ कर लें भाग : परमार
संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रौ(रामपुर बुशहर)। अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय प्रदेश और लोगों की सेवा में लगाने के बावजूद प्रदेश भर के पेंशनर अपने अधिकारों के लिए तरसे हुए हैं। विभिन्न मंचों से सरकार के समक्ष पेंशनरों की लंबित मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई जा रही है। इसके बावजूद सरकार का पेंशनरों के प्रति रवैया नकारात्मक है। इसी का नतीजा है कि प्रदेश के पेंशनरों में आज सरकार के प्रति रोष है। यह बात निरमंड में आयोजित हिम आंचल पेंशनर संघ कुल्लू की बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र परमार ने कही। उन्होंने पेंशनरों से अलग-अलग संगठनों में न जाकर एक संगठन के बैनर तले शामिल होने का आह्वान किया, ताकि सरकार के समक्ष पेंशनरों की मांगों को ठोस तरीके से रखा जा सके।
हिम आंचल पेंशनर संघ कुल्लू की बैठक अध्यक्ष सुरेंद्र परमार की अध्यक्षता में निरमंड में हुई। बैठक में मुख्य सलाहकार आज्ञानंद शर्मा ने पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर विचार रखे। खंड अध्यक्ष कृष्णानंद भारद्वाज ने पेंशनरों के अलग-अलग संगठन बनने पर चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी इकट्ठे होकर एक ही संगठन बनाएं, ताकि संगठन की शक्ति बढ़े। तभी हम सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रख सकेंगे और उन्हें पूरा करवा सकेंगे। खंड प्रधान बंजार जंगवीर सिंह मियां ने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 से पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनरों के वित्तीय लाभ के लिए सरकार से पत्राचार के माध्यम से अभियान चलाया है, मगर सरकार की वित्तीय हालत ठीक नहीं है। सभी पेंशनरों ने पेंशन देरी से जारी करने पर रोष जताया। जिले के सभी पेंशनरों ने एक स्वर में कहा कि यदि हमें एक तारीख तक पेंशन नहीं दी तो आंदोलन की राह अपनाई जाएगी। जिला प्रधान सुरेंद्र परमार ने कहा कि हम डीए और एरियर की मांग कर रहे हैं। 13 सितंबर को हमीरपुर में भी पेंशनरों की बकाया राशि और मांगों को लेकर चर्चा हुई। सरकार को मांगपत्र सौंपा गया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और पेंशनरों की बातों को सुना और कहा कि भविष्य में पत्राचार के माध्यम से खंडों अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर हमीरपुर में 15 अक्तूबर को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश भर के पेंशनरों से इस प्रदर्शन में शामिल होकर सरकार से अपनी मांगों को पूरा करवाने का आह्वान किया।