संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । प्रधानाचार्यों की लंबित मांगों को लेकर प्रधानाचार्य एवं निरीक्षण अधिकारी संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष हरी शर्मा ने सचिवालय में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात की। इस मौके पर उच्चतर शिक्षा निदेशक मौजूद थे। हरी शर्मा ने बताया कि उन्होंने शिक्षा मंत्री के समक्ष उच्च न्यायालय के आदेश को शीघ्र लागू करने की मांग की। इसके अलावा शिक्षा मंत्री से मांग की है कि 1995 प्लेसमेंट के प्राध्यापक, जो अब प्रधानाचार्य प्लेसमेंट के इंतजार में हैं, उन्हें शीघ्र नियमित किया जाए और 2017 से प्लेसमेंट प्रधानाचार्यों को भी नियमित किया जाए। वरिष्ठ प्रधानाचार्यों की उपनिदेशक के पद पर नियुक्ति के साथ प्रधानाचार्यों की नियमित रूप से पदोन्नति की जाए। हरी शर्मा ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने उनकी मांगों पर सहमति जताते हुए अधिकारियों को इस विषय में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए और उन्होंने जल्द ही संघ के साथ बैठक का आश्वासन दिया।