नाशपाती 1200 में गिफ्ट पैक और 2500 से 3000 हजार रुपये की बिक रही एक पेटी
टमाटर उत्पादकों को नहीं मिल रहे फसल के उचित दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा ( रोहड़ू )नेरवा क्षेत्र में जहां नाशपाती का सीजन अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर सेब सीजन की शुरुआत हो चुकी है। इस बीच टमाटर की भरपूर पैदावार के बावजूद उचित दाम नहीं मिलने से टमाटर उत्पादकों में निराशा है।
नेरवा सब्जी मंडी के प्रमुख आढ़ती ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि इस वर्ष नाशपाती की फसल सामान्य से काफी कम रही है। मोटी डंडी वाली नाशपाती का सीजन लगभग समाप्ति पर है, लेकिन कम उत्पादन के कारण किसानों को इस बार अच्छे दाम मिले हैं। उन्होंने बताया कि मोटी डंडी नाशपाती का गिफ्ट पैक 1,200 रुपये तथा गुणवत्ता के आधार पर एक पेटी 2,500 से 3,000 रुपये तक बिक रही है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में बर्गमट किस्म की नाशपाती का सीजन चरम पर है। इस किस्म का गिफ्ट पैक करीब 1,000 रुपये तथा एक पेटी 2,400 रुपये तक के भाव पर बिक रही है।ओम प्रकाश चौहान के अनुसार नेरवा मंडी में सेब की गाला वैरायटी की आवक भी शुरू हो गई है। गाला सेब का गिफ्ट पैक 2,400 रुपये तथा गुणवत्ता के अनुसार एक पेटी 3,500 से 4,000 रुपये तक बिक रही है। वहीं स्पर वैरायटी का गिफ्ट पैक 2,200 से 2,500 रुपये तथा एक पेटी 3,000 से 3,500 रुपये तक के भाव पर बिक रही है।
दूसरी ओर, टमाटर का सीजन इस समय पूरे शबाब पर है, लेकिन बाजार में अपेक्षित दाम नहीं मिलने से उत्पादकों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि अच्छी पैदावार के बावजूद कम कीमत मिलने से उनकी लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में टमाटर के दामों में सुधार होगा, जिससे उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।....