पट्टा महलोग स्कूल में एसएमसी की बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा पर लिए कई फैसले
विद्यालय परिसर की सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए प्रस्ताव किए पारित
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली(सोलन)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा महलोग में बुधवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक का आयोजन किया गया। समिति की अध्यक्ष आशा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विद्यालय की सुरक्षा, छात्रों के अनुशासन, शिक्षा की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में अभिभावकों, अध्यापकों और समिति सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यालय के सर्वांगीण विकास को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में सबसे गंभीर विषय छात्रों की ओर से दोपहिया वाहन चलाने का उठा। समिति ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को बाइक व स्कूटी न दें। समिति ने स्पष्ट किया कि कम उम्र में वाहन चलाना बच्चों की जान के लिए खतरा बन सकता है व सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। एसएमसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अभिभावकों की होगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को स्कूल में मोबाइल फोन न लेकर आने की अपील की गई, ताकि उनका ध्यान पढ़ाई की ओर केंद्रित रह सके। विद्यालय परिसर की सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यालय भवन को भूस्खलन और बरसात के दौरान होने वाले नुकसान से बचाने के लिए बुकलैब के साथ खड्ड की ओर सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त कमरों में बढ़ती सीलन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग से सड़क की तरफ डंगा और नाली निर्माण करवाने की मांग उठाई गई।
कमरों नई फ्लोर टाइल्स लगाने पर सहमति बनीं
बैठक में स्कूल के कई कमरों नई फ्लोर टाइल्स लगाने पर सहमति बनीं। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा के लिए स्कूल परिसर में नई कंटीन खोलने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। विद्यालय को आधुनिक और प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा निर्णय लेते हुए स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध करवाने का औपचारिक प्रस्ताव पारित किया गया। विद्यालय में अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार से अंग्रेजी अध्यापक का नया पद सृजित करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्वेता गुप्ता के अतिरिक्त नव ज्योति, डोरी रांझा, अमन प्रीत, रीना गुप्ता, स्नेह लता, सुमित्रा, डीपी अशोक, राजेश शास्त्री, अजय, सुभाष, सोनिया, दामिनी, जसवीर कंवर, विनोद राणा, सत्या, हेम चंद्र, मीना, प्रेम लता तथा कमलेश खुरमेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।