आनी (कुल्लू)। 10280 फीट की ऊंचाई पर स्थित जलोड़ी दर्रे पर मंगलवार सुबह से बर्फबारी का दौर जारी है। देर शाम तक यहां करीब डेढ़ फीट बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। ताजा हिमपात के बाद नेशनल हाईवे 305 पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। इससे क्षेत्र की 69 पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह से कट गया है। जलोड़ी दर्रे पर ढाबा चलाने और दी जलोड़ी टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी की रेस्क्यू टीम के सदस्य रवि ने बताया कि दर्रे पर शाम चार बजे तक करीब डेढ़ फीट से ज्यादा ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है।
इसके कारण सैंज-आनी-ओट एनएच-305 खनाग, जलोड़ी दर्रे से कुल्लू की ओर यातायात के लिए बाधित हो गया है। प्रशासन ने लोगों को जान जोखिम में डालकर जलोड़ी दर्रा पार न करने की सलाह भी दी है। इससे आनी निरमंड के लोगों को जिला मुख्यालय कुल्लू जाने के लिए अब वाया करसोग, शिमला या फिर वाया सुन्नी होकर लंबा सफर तय करने पर मजबूर होना पड़ेगा। निचले इलाकों में बारिश होने से क्षेत्र के बागवानों और किसानों को लगातार पड़ रही सूखे की मार से जरूर राहत मिली है। इससे अच्छी फसल होने की उम्मीद है।