कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल( रोहडू)। चौपाल के ननहार पंचायत में 30 मई को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे। सोमवार को कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि दो दिनों में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के लिए स्थान चयनित करें। इसके अलावा उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सभी की मौजूदगी अनिवार्य है, जो आदेशों की पालना नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार गांव के द्वार से पहले सिविल डिफेंस कैंप और आपदा जागरुकता शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सभी विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, स्वयं सहायता समूहों की ओर से स्टॉल, मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे।
होनहार विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
बैठक में फैसला लिया है कि क्षेत्र के स्कूली परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले होनहार विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। पहली बार सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम से पूर्व ननहार और झीना पंचायत में परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।