पंचायत समिति की बैठक में मौजूद सदस्यों को बताईं विभागीय योजनाएं
समेज त्रासदी को लेकर पंचायत समिति सदस्यों ने दो मिनट का रखा मौन
बैठक में जल शक्ति और विद्युत बोर्ड से जुड़े मुद्दो पर नहीं हो सकी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पंचायत समिति रामपुर के अध्यक्ष आशीष कायथ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से पंचायत समिति की बैठक में दर्ज मुद्दो के समय पर जवाब देने की मांग की है, ताकि समय पर समस्याओं का निपटारा किया जा सके। मंगलवार को आयोजित इस बैठक में समेज त्रासदी के कारण अधिकारी नहीं पहुंच पाए। इसके चलते पंचायत समिति सदस्यों के मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पाई। हालांकि कुछ विभागों के अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान समेज गांव में हुई त्रासदी को लेकर पंचायत समिति सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा।
पंचायत समिति रामपुर की बैठक मंगलवार को समिति अध्यक्ष आशीष कायथ की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता होने के कारण लंबे समय तक पंचायत समिति की बैठक नहीं हो पाई। इससे रामपुर खंड के विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा नहीं हो पाई। उन्होंने रामपुर खंड विकास के विभिन्न विभागों के अधिकारियों से आग्रह किया कि पंचायत समिति बैठक के मुद्दों का जवाब समय पर दें, ताकि पंचायत समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों का निपटारा समय पर किया जा सके। खंड चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. राकेश नेगी ने जानकारी दी कि महात्मा गांधी चिकित्सालय रामपुर में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध है, लेकिन इसे ऑपरेट करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है। इसके बारे में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। रामपुर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों के रिक्त पदों के बारे में भी चर्चा की गई। लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति और विद्युत बोर्ड से जुड़े विषयों पर चर्चा नहीं हो सकी, क्योंकि इन विभागों के अधिकारी व कर्मचारी समेज के राहत कार्यों में व्यस्त हैं। बैठक में समिति सदस्यों, मनोनीत सदस्य, ग्राम पंचायत प्रधानों द्वारा कई मुद्दे उठाए गए, लेकिन अधिकारियों के उपस्थित न होने के कारण चर्चा नहीं हो पाई। इस दौरान कृषि, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में सदस्यों को जानकारी दी और इन योजनाओं को पंचायतों के पात्र लाभाथियों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सरोजनी ठाकुर, कुशा देवी, चिंता देवी, प्रियंका, संतोष, हेम लता, मीरा देवी, वीणा, अजय मोदी, यशवंत गुप्ता, सुदेश कुमार, हंस राज, मुनिश पंचायत प्रधान भजन दास, प्रधान धारगौरा अजय राणा, प्रधान भड़ावली रक्षा देवी, सीडीपीओ शशि ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।