ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी में शनिवार को पंचायत समिति के नवनिर्वाचित 15 सदस्यों के लिए पंचायत समिति हॉल में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सभी सदस्यों ने संविधान की शपथ ली। तहसीलदार ननखड़ी अनिल शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही पंचायत समिति के गठन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो गई है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव की आगामी प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। समिति को नया नेतृत्व मिलेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
तहसीलदार अनिल शर्मा ने सभी सदस्यों को बधाई देते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर करवाना अनिवार्य है। इसके लिए आगामी बैठक में सभी सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक रहेगी।
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया एक सप्ताह से लेकर एक माह के भीतर पूरी की जाएगी।
इस मौके पर एसबीपीईओ रामलोक नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।
ननखड़ी विकास खंड की पंचायत समिति वार्ड 1 टिप्पर मझोली से राम प्रकाश, वार्ड नंबर 2 थैली चकटी से रीता देवी, वार्ड नंबर 3 लैलन से पुष्पा देवी, वार्ड नंबर 4 देलठ से दौलत सिंह डोगरा, वार्ड नंबर 5 करांगला से संजीव कुमार, वार्ड नंबर 6 थाना ननखड़ी से सुशीला देवी, वार्ड नंबर 7 बगलती से कृष्णा देवी, वार्ड नंबर 8 जाहू से चिरंजी लाल, वार्ड नंबर 9 खोलीघाट से मिंटू, वार्ड नंबर 10 गाहण से रामलाल, वार्ड नंबर 11 अड्डू से कांता देवी, वार्ड नंबर 12 बड़ोग से बलवीर सिंह, वार्ड नंबर 13 शोली से अमर सिंह, वार्ड नंबर 14 कुंगल बाल्टी से सीमा देवी और वार्ड नंबर 15 खमाडी से नवनिर्वाचित रीता देवी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।