रिकांगपिओ (किन्नौर)। ठाकुर सेन कॉलेज रिकांगपिओ की एनएसयूआई इकाई ने प्रधानाचार्य के माध्यम से राज्यपाल को प्रदेश में फर्जी डिग्री मामले को लेकर ज्ञापन भेजा। वहीं, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
एनएसयूआई इकाई रिकांगपिओ परिसर अध्यक्ष रंजू नेगी ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश में कुछ विश्वविद्यालयों ने युवाओं को फर्जी डिग्री दी है, जिससे आज हजारों युवाओं का भविष्य खतरे में है। एनएसयूआई रिकांगपिओ इकाई ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि ऐसे सभी विश्वविद्यालयों की मान्यता रद्द की जाए। इकाई अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में इन फर्जी डिग्री आवंटन के बाद कई युवाओं का भविष्य बरबाद हो गया है। ऐसे कारनामों को रोकने के लिए प्रदेश सरकार को ठोस कदम के साथ इन सभी विश्वविद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई इकाई रिकांगपिओ प्रदेश एनएसयूआई के साथ आने वाले समय में इन सभी फर्जी डिग्री वाले विश्वविद्यालयों के खिलाफ खड़ी है। इकाई ने चेताते हुए कहा कि सरकार ने यदि समय रहते इन पर कार्रवाई नहीं की तो एनएसयूआई इकाई एनएच पांच पर उतरकर धरना देने से भी गुरेज नहीं करेगी।