. 6 पंचायतों से तहसील मुख्यालय पहुंचने वाले लोगों की बढ़ी परेशानी
विज्ञापन
. पार्किंग की सुविधा न होने से रोजाना सैकड़ों लोग झेलते हैं दिक्कतें . घरौली गांव की मुख्य सड़क पर लगे नो पार्किंग बोर्ड, स्थानीय लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उप तहसील मुख्यालय नित्थर में 6 पंचायतों के लिए पार्किंग की सुविधा न होने से लोग परेशान हैं। वहीं, प्रशासन ने नित्थर बाजार में सुचारु यातायात के लिए नो पार्किंग जोन घोषित कर दिए हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को वाहन खड़ा करना मुश्किल हो गया है। घरौली गांव की मुख्य सड़क पर नो पार्किंग बोर्ड लगने के बाद वाहन कहां खड़े करें, ग्रामीण इसे लेकर चिंतित हैं। ग्रामीण सरकार और प्रशासन से राहत की गुहार लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पार्किंग की पुख्ता सुविधा न होने तक वैकल्पिक सुविधा देने की मांग उठाई है। नित्थर स्थित उप तहसील कार्यालय, स्कूल, अस्पताल सहित विभिन्न कार्यालयों में रोजाना हजारों लोग पहुंचते हैं। नित्थर मुख्यालय में पार्किंग की सुविधा अभी तक नहीं मिल पाई है। ऐसे में यहां वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। मुख्य बाजार में जाम स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नित्थर में पांच से अधिक स्थानों पर नो पार्किंग के बोर्ड लगा दिए हैं। बोर्ड लगने से अब वाहनों को सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर प्रतिबंध लग गया है। इस पर स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से लेकर तहसील तक कई ऐसी जगह हैं, जहां पासिंग पॉइंट बनाकर जाम की स्थिति से निपटा जा सकता है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि गांव में नो पार्किंग के बोर्ड लगाना सही नहीं है, जहां ये बोर्ड लगे हैं, वहां ग्रामीण लंबे समय से वाहन खड़े कर रहे हैं। अब यदि यहां वाहनों की पार्किंग पर प्रतिबंध लगता है, तो ग्रामीण गाड़ी कहां खड़ी करें। उन्होंने कहा कि नित्थर बाजार में कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है। उन्होंने प्रशासन से दुर्गम और ग्रामीण इलाकों से यहां आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए पार्किंग की सुविधा देने और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग रखी है।
सुबह 8:00 से शाम 6:00 बजे तक नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े नहीं होंगे। क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने को लेकर मंगलवार को विशेष बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में प्रशासन, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, पुलिस और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।