पशुओं को उपचार के लिए कांगल पहुंचा रहे ग्रामीण, पांच सौ से एक हजार रुपये दे रहे किराया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
कुमारसैन उपमंडल के कोटीघाट पशु चिकित्सालय में न चिकित्सक है और न ही पूरा स्टाफ है। दो महीने से चिकित्सक और फार्मासिस्ट के पद रिक्त पड़े हैं। इससे पशुपालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। पशुओं को उपचार के लिए ग्रामीणों को कांगल जाना पड़ रहा है। इसके लिए पांच सौ से एक हजार तक किराया देना पड़ रहा है। ग्रामीण नरेंद्र भंडारी, पवन भंडारी सहित अन्य किसानों ने कहा कि कोटीघाट वेटरनरी में समय पर पशुओं के इलाज के लिए न तो दवाइयां मिलती हैं और न ही गाय को समय पर टीके लगते हैं। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और पशुपालन विभाग से पशु चिकित्सालय में जल्द स्टाफ की तैनाती की मांग की है ताकि पशुओं को समय पर उपचार की सुविधा मिले। कांगल पशु चिकित्सालय पहुंचने के लिए उन्हें आर्थिक मार झेलनी पड़ रही है।
शिवान के पशु चिकित्सक रोहित ने बताया कि पशु चिकित्सालय कोटिघाट में डेपुटेशन पर फार्मासिस्ट मंगलवार और शुक्रवार को सेवा देते हैं, जबकि स्टाफ की कमी होने के कारण सरकार की ओर से कोई स्थायी नियुक्ति नहीं की गई है।