ब्रौ (रामपुर बुशहर)। उपमंडल निरमंड की निशानी पंचायत के गुलशन ठाकुर का सहायक प्रोफेसर अर्थशास्त्र (कॉलेज कैडर) के रूप में चयन हुआ है।
बागवान योगराज ठाकुर के पुत्र गुलशन ठाकुर ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, दादा, माता-पिता और दो प्रोफेसर भाइयों को दिया है। कहा कि इन सबके कुशल मार्गदर्शन के चलते ही उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। गुलशन ठाकुर इन दिनों सेंट्रल यूनिवर्सिटी धर्मशाला से अर्थशास्त्र में पीएचडी कर रहे हैं।
गुलशन की प्रारंभिक शिक्षा भुवनेश्वरी पब्लिक स्कूल अर्सू से हुई है। 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात गुलशन ने एचपीयू से टूरिज्म में बीए और अर्थशास्त्र विषय में एमए की है। इनके बड़े भाई अमरीक सिंह ठाकुर सेंट्रल यूनिवर्सिटी धर्मशाला में टूरिज्म विषय के सहायक प्रोफेसर हैं। दूसरा भाई कैप्टन संदीप ठाकुर निरमंड महाविद्यालय में अर्थशास्त्र के सहायक प्रोफेसर एवं प्रिंसिपल हैं।
एक ही परिवार से तीन प्रोफेसर बनने पर परिजनों सहित पूरे निरमंड क्षेत्र में खुशी की लहर है। भुवनेश्वरी पब्लिक स्कूल अर्सू के एमडी नरेश शर्मा और प्रधानाचार्य चंद्र कांता शर्मा ने होनहार विद्यार्थी के प्रोफेसर बनने पर बधाई दी है। संवाद