निरमंड की रंजना राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में बनीं जज।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड की बेटी रंजना ने राष्ट्रीय स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में बतौर जज की भूमिका निभाई है। इस उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम चमकाया है। हाल ही में हरियाणा के करनाल स्थित मधुबन पुलिस अकादमी में तीसरा अखिल भारतीय पुलिस भारोत्तोलन क्लस्टर के अंतर्गत ऑल इंडिया स्तर की पुलिस योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें देशभर के पुलिस विभागों से जुड़े प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में रंजना को राष्ट्रीय स्तर पर योगासन जज के रूप में अपनी सेवाएं देने का अवसर प्राप्त हुआ। रंजना ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। वर्तमान में वह डीपीएस स्कूल झाकड़ी में अपनी सेवाएं दे रही हैं। लंबे समय से योग एवं खेल गतिविधियों से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। रंजना एक प्रतिभाशाली एथलीट रह चुकी हैं और एथलेटिक्स में एनआईएस से प्रमाणित हैं।