बडियारा में पब्बर नदी के किनारे मिले शव की जांच करती फारेंक टीम
चिड़गांव की उपतहसील जांगला के बडियारा में मंगलवार रात को नेपाल मूल के व्यक्ति की हत्या कर शव पब्बर नदी के किनारे फेंक दिया। अगले दिन बुधवार को क्षत-विक्षत हालत में स्थानीय लोगों ने शव को देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। मृतक की शिनाख्त सेती राम उर्फ राकेश प्रताप जिला सल्याणी नेपाल उम्र करीब 46 वर्ष के तौर पर हुई है।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी प्रणव चौहान ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जानकारी के अनुसार, मृतक नेपाल मूल का बताया जा रहा है, जो बडियारा में जय लाल भंडारी के पास मजदूरी का काम करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को मंगलवार शाम के समय कुछ नेपाल मूल के अन्य लोगों के साथ देखा गया था। पता चला कि मंगलवार शाम दो अन्य साथियों के साथ मृतक ने बडियारा में शराब का सेवन किया। इसके बाद व्यक्ति अचानक लापता हो गया और अगली सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।