सुभाष सेन
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां सिंचाई की उपलब्धता न होने के कारण किसानी-बागवानी करना मुमकिन नहीं हो पा रहा। वहीं, पानी की किल्लत से फसलों का उत्पादन करना भी मुश्किल हो गया है। मौसम पर आधारित फसलों को भी बारिश न होने और सिंचाई सुविधा न होने के कारण नुकसान होता है। रामपुर उपमंडल की ऐसी ही एक पंचायत नीरथ है, जहां सिंचाई सुविधा न होने से कृषि व्यवसाय घटता जा रहा है, लेकिन अब जल शक्ति विभाग करोड़ों रुपये की लागत से पंचायत को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाएगा। विभाग ने सिंचाई योजना का कार्य शुरू कर दिया है और आने वाले वर्षों में इस पंचायत के आठ गांव के किसान-बागवानों को सिंचाई की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
गौर हो कि लूहरी परियोजना से प्रभावित पंचायत नीरथ के लिए जल शक्ति विभाग लिफ्ट इरीगेशन स्कीम तैयार कर रहा है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से इस योजना का निर्माण किया जा रहा है। इस योजना के बनने से नीरथ और बड़ाच पंचायत के नौ गांव के लोगों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। नीरथ पंचायत के नीरथ, बीलाडोखरी, बल्थाना, नरोला, डोई, शरन, डाई, निनू और बड़ाच पंचायत के बरकेली गांव के लोगों को इस योजना का लाभ पहुंचेगा। हर वर्ष सूखे और बारिश न होने के कारण इस पंचायत के लोगों को खेती करने के लिए सिंचाई की सुविधा नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब जल शक्ति विभाग जल्द ही करोड़ों की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना का निर्माण करेगा। इस योजना के बनने से सैकड़ों एकड़ जमीन पर खेती करने के लिए पानी की सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। जल शक्ति विभाग ने इस योजना का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है और इस योजना के निर्माण को पूरा करने के लिए तीन वर्ष का लक्ष्य रखा गया है।
पंचायत प्रधान नीरथ रीना देवी ने कहा कि उठाऊ सिंचाई योजना बनने से पंचायत के किसान बागवानों को फसलें तैयार करने की सुविधा मिलेगी। हालांकि, सूखे के कारण इस पंचायत में खेती करना मुश्किल बना हुआ था। इस सिंचाई योजना के बनने से दो पंचायतों के किसान-बागवानों को लाभ पहुंचेगा और वे किसानी बागवानी कर अपनी आर्थिकी मजबूत कर पाएंगे।
योजना का निर्माण कार्य शुरू
विभाग 13.99 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना का निर्माण कर रहा है। विभाग ने टेंडर आवंटित कर योजना का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस योजना को तीन वर्ष के भीतर तैयार कर ग्रामीणों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
-आरएस नेगी एक्सईएन, जल शक्ति विभाग रामपुर