छैला के कौंटी गांव में हत्या के बाद फरार था 23 वर्षीय युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के साथ लगते छैला के कौंटी गांव में हत्या के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने धर दबोच लिया है। बीते दिनों हत्या का एक मामला सामने आया था। मामले की छानबीन में पुलिस फरार आरोपी को ढूंढ रही थी। सोमवार को फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।
पुलिस के अनुसार यामु खड़का उर्फ यमराज (23), निवासी ग्राम अरंग बटगेरी, उपतहसील कटुला, जिला मंडी छैला के कौंटी गांव में हत्या के बाद फरार था। इसको लेकर ठियोग थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। उसे सोमवार को गांव बनारी, डाकघर चनैर, तहसील ठियोग से गिरफ्तार किया गया। बताते चलें कि अभियुक्त कौंटी गांव में हत्या करने के बाद से फरार था, जिसे लेकर पुलिस द्वारा आसपास के सभी इलाकों के साथ ही संभावित मार्गों पर तलाश की गई। आरोपी पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी फुटेज के साथ साथ साइबर इनपुट का भी इस्तेमाल किया गया। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि आरोपी को आज न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।