आपदा के समय बचाव कार्यों को लेकर
ग्रामीणों, स्कूली बच्चों को किया प्रशिक्षित
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर शहर के साथ लगते नोगली में वीरवार को अचानक बाढ़ आई। इसके बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों ने बाढ़ प्रभावितों को उपचार के लिए एंबुलेंस में महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया। यह मंजर था प्रशासन की ओर से प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए की जा रही मॉकड्रिल का।
प्रशासन द्वारा आपदा से निपटने के लिए नोगली स्कूल परिसर में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया था। जिसमें सभी विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। मॉकड्रिल का उद्देश्य स्थानीय लोगों को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों और बचाव कार्य के प्रति जागरूक करना था। इसमें अग्निशमन के जवानों द्वारा स्थानीय लोगों को मॉकड्रिल के माध्यम से आपदा से निपटने के गुर सिखाए गए।
एसडीएम नरेंद्र चौहान ने कहा कि भविष्य में इस तरह से मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी में भी वीरवार को उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों अनुसार मॉकड्रिल का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य सुरेश चंद शर्मा ने की। आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारी प्रवक्ता सिकंदर बंसल ने बताया कि मॉकड्रिल में छात्रों को भूकंप, आगजनी और बरसात में नदी नालों में जल बढ़ने के समय कैसे बचा जा सकता है, के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं छात्रों ने मॉकड्रिल का अभ्यास भी किया। मॉकड्रिल में छात्रा ईशा, मनिषा, श्रेया, शबनम और दिया ने चिकित्सक की भूमिका और हितेश, यशवंत, अनुज, कर्ण, विशाल ने पुलिस की भूमिका निभाई और इस दौरान स्कूल की एनएसएस इकाई भी सक्रिय रही।
वहीं पीजी कॉलेज रामपुर में एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रदूषण जागरूकता को लेकर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। इसके अलावा रावमापा तकलेच में भी आपदा प्रबंधन को लेकर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉकड्रिल में स्कूल के सभी छात्र छात्राओं को आपदा के समय किए जाने वाले बचाव कार्यों को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।