रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए अब तीन दिन का समय शेष रह गया है। नतीजों को लेकर जहां राजनीतिक दलों को खासा इंतजार है, वहीं निर्वाचन आयोग ने भी मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना पदम छात्र स्कूल रामपुर में होगी। इसको लेकर सहायक निर्वाचन आयोग ने मतगणना करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को एडवाइजरी जारी की है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2022 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग ने 66 रामपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि रामपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में आठ दिसंबर को सुबह आठ बजे से कमरा संख्या एक द्वितीय मंजिल सभागार भवन पद्म राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर बुशहर में होगी।
मतगणना केंद्र के सौ मीटर के दायरे में अधिकृत स्टाफ, प्रत्याशी और प्रत्याशी के मतगणना अभिकर्ता को ही आने की अनुमति होगी। इसके अलावा केंद्र में अधिकारी, कर्मचारी, प्रत्याशी और प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ता को मोबाइल फोन या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने की अनुमति नहीं है। लोगों को मीडिया सेंटर के माध्यम से राउंड वाइज चुनाव परिणाम की सूचना दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त मतगणना केंद्र में किसी भी प्रत्याशी या प्रत्याशियों के एजेंट द्वारा मतगणना में तैनात अधिकारी और कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार और रिटर्निंग अधिकारी के आदेशों की अनुपालना नहीं की जाती है, तो उक्त व्यक्ति को निर्वाचनों का संचालन नियम 1961 के नियम 53 (4) के तहत मतगणना केंद्र से बाहर निकाला जाएगा और उस पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना को लेकर निर्वाचन आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।