रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले में एक नाबालिग के साथ छह लोगों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद सोमवार को चार लोगों को अदालत में पेश किया। अदालत ने चारों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने सोमवार सुबह बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस थाना रिकांगपिओ से मिली जानकारी के अनुसार सुनील कुमार ने 19 मई देर रात रिकांगपिओ पुलिस थाना में दो व्यक्तियों पर नाबालिग का अपहरण करने की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 363 के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस ने नाबालिग को 20 मई को घणाहट्टी से बरामद किया और रिकांगपिओ पहुंचाया। पूछताछ में नाबालिग के ब्यान पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया और अदालत में पेश किया।
उधर, एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि नाबालिग को शिमला जिले के घणाहट्टी से बरामद किया। नाबालिग के बयान के बाद मेडिकल जांच में भी दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इस वारदात के दौरान इस्तेमाल किए वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस मामला की छानबीन कर रही है।