गर्मी से राहत पाने के लिए बलग खड्ड में नहाते हुए नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। गांववालों ने समय रहते मौके पर पहुंच कर दो लड़कों की जिंदगी बचा ली। दोनों का उपचार ठियोग अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पांच दोस्त नहाने बलग खड्ड चले गए। इनमें से तीन नहाने खड्ड में उतर गए जबकि दो बाहर ही खड़े रहे। पानी में उतरते ही तीनों बचाव के लिए छटपटाने लगे।
इसे देखते हुए बाहर खड़े दोस्तों ने शोर मचाकर समीप के गांव के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन उस समय तक एक लड़का दम तोड़ चुका था। हादसे में जान गंवाने वाले लड़के की पहचान आर्यन (17) निवासी चौपाल के सरांह के रूप में हुई है। जबकि राम और अरुण निवासी चियोग ट्याली जख्मी हैं। दोनों का उपचार ठियोग अस्पताल में चल रहा है। एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को राहत राशि दी जाएगी।
टौंस नदी में नहाते समय डूबा युवक, मौत
ग्राम पंचायत धारवा के गांव बुद्धयान कांडो के एक युवक की टौंस नदी में डूबने से मौत हो गई। 33 वर्षीय रघुवीर सिंह टौंस नदी में नहाते समय डूब गया। पुलिस ने शव को निकालकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रशासन ने फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये दिए।