संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू। भाजपा जुब्बल नावर कोटखाई मंडल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार के समय से चल रही विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन करके वाहवाही लूटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा यहां के विधायक लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश शर्मा, महामंत्री अशोक जस्टा, मनमोहन कपालटा, उपाध्यक्ष देवेंद्र सोखटा, रविंद्र सिंह रावत, संदीप गांगटा प्रकाश घास्टा, लेखराज चौहान, मंडल सचिव मीनाक्षी मानटा, हरीश केस्टा, सुनील शर्मा यशवंत शरेट, मंडल मीडिया प्रभारी पृथ्वीराज नेपटा व हितेंद्र रॉगटा ने कहा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बागी के स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। इसका शिलान्यास तत्कालीन भाजपा सरकार के समय स्व. नरेंद्र बरागटा ने किया था। इसका लगभग 95 प्रतिशत कार्य भाजपा सरकार के समय में पूरा हो चुका था। स्थानीय विधायक इसे अपना काम बताकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक विकासात्मक योजना को लाने में अभी तक नाकाम साबित हुए हैं। केवल अदला-बदली की राजनीति करके अपने राजनीतिक हित साधने का काम कर रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र के टिक्कर में निर्माणाधीन आईटीआई भवन, सरस्वतीनगर में निर्माणाधीन सेंथेटिक ट्रैक भाजपा सरकार के समय में शुरू किया गया। अब पिछले 11 महीने के कार्यकाल में वर्तमान कांग्रेस सरकार ने एक भी पत्थर नहीं लगाया है। भारतीय जनता पार्टी मंडल पदाधिकारियों ने कहा पूरे विधानसभा क्षेत्र का विकास ठप पड़ा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अधूरे पड़े विकासात्मक कार्यों को प्रदेश सरकार तुरंत पूर्ण करे। अन्यथा स्थानीय क्षेत्र की जनता को साथ लेकर भाजपा वर्तमान कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन का रुख अपनाएंगे।