मंत्री ने टापरी मंडी का दौरा कर बागवानों और आढ़तियों को दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को टापरी मंडी का दौरा किया। बागवानों और आढ़तियों को आश्वासन देते हुए कहा कि सेब की फसल को जिले के बाहर भेजने के उपयुक्त प्रबंध किए जा रहे हैं।
कहा कि निगुलसरी में बाधित एनएच को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बागवानों को सेब और मटर सहित अन्य नकदी फसलों को मंडी तक पहुंंचाने में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए निगुलसरी में स्पेन की सुविधा तुरंत प्रभाव से शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद मंत्री ने मीरू पंचायत के चोलिंग में स्थापित किन्नौर कैलाश एग्रो फ्रेश कंपनी लिमिटेड ग्रेडिंग और पैकिंग इकाई का भी निरीक्षण किया। मंत्री ने कहा कि जिला किन्नौर में बागवानों को एकजुट होकर कार्य करने के लिए फार्म प्रोड्यूसर कंपनी का स्थापित होना प्रशंसनीय है। इसके बाद मंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है। रक्तदान से हम जरूरतमंद इंसान की जान बचा सकते हैं। उन्होंने इस दौरान क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ का निरीक्षण किया। अधिकारियों को अस्पताल में व्यवस्था से संबंधित दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपदा राहत कोष के लिए 1 लाख, 1 हजार, एक रुपये के अंशदान का चेक राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को भेंट किया।