लोगों ने विक्रमादित्य और उनकी पत्नी का किया स्वागत, केक काटकर जश्न मनाया
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह बुधवार को पत्नी अमरीन कौर और मां प्रतिभा सिंह के साथ सराहन पहुंचे। यहां उन्होंने कुलदेवी माता भीमाकाली के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कुलदेवी माता भीमा काली के मंदिर में पूजन किया। मंदिर के मुख्य पुजारी पूर्ण शर्मा, माता के गुर सोहन लाल और न्यास के सभी कर्मचारी पूजा को पूर्ण करने में जुटे रहे। इससे पूर्व मंत्री सराहन पहुंचे। राज दरबार शांति कुंज में लोगों ने विक्रमादित्य के साथ उनकी पत्नी का स्वागत किया और केक काटकर जश्न मनाया। ज्यूरी से लेकर सराहन तक कई जगह लोगों ने मंत्री का स्वागत किया। महिलाओं ने उनकी नई दुल्हन के साथ महिलाओं ने फोटो खिंचवाई। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं भी मंत्री के समक्ष रखीं। माता भीमाकाली सराहन राज परिवार की कुलदेवी है। राज परिवार हर साल नवरात्र के दौरान माता के मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा करता है। इस प्रथा का पहले पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह निर्वहन करते थे। अब उनके पुत्र एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह इस प्रथा को आगे बढ़ा रहे हैं।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने बनाई मंत्री से दूरी
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह में अपना अपार विश्वास रखने वाले सराहन पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह से किनारा किया। मंत्री विक्रमादित्य सिंह का उनके घर की पंचायत सराहन के प्रतिनिधि स्वागत करने नहीं पहुंचे। जिला स्तरीय दशहरा मेला में न्यास के साथ रात्रि संध्या को लेकर हुए विवाद के बाद नाराज स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने पहले दशहरा मेले से किनारा किया और अब अपने राजा मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भी दूरी बना ली।