आनी में सिराज उत्सव के आयोजन को लेकर बैठक में मौजूद सदस्य। स्रोत : मेला कमेटी
आनी में सिराज उत्सव की तैयारियों को लेकर मेला कमेटी की बैठक संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। सिराज उत्सव लवी मेला कमेटी की तैयारियों को लेकर बुधवार को विश्राम गृह आनी में बैठक हुई। अध्यक्षता कमेटी अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने की। कमेटी के कोषाध्यक्ष सत्यपाल ठाकुर ने साल 2024 में मेला आयोजन पर हुए खर्च का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। मेला कमेटी के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने इस साल मेले को और भव्य बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए। उन्होंने बताया कि इस बार मेला में वॉयस ऑफ आउटर सिराज, मिस्टर आउटर सिराज और मिस आउटर सिराज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं और युवतियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। देवता शमशरी महादेव के सानिध्य में आयोजित इस उत्सव में उनके साथ देवता पनेउई नाग, देवता कुल क्षेत्र महादेव के अलावा क्षेत्र के अन्य देवताओं को भी निमंत्रण दिया जाएगा। इसके अलावा मेला में दंगल भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के पहलवान हिस्सा लेंगे। दंगल प्रतियोगिता के प्रभारी हुकम चंद चौधरी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, वॉयस ऑफ आउटर सिराज प्रतियोगिता के प्रभारी के रूप में रमेश ठाकुर और संजीव को नामित किया गया। प्लाॅट आवंटन के लिए महेंद्र ठाकुर और नरोतम ठाकुर प्रभारी होंगे। महिला मंडल की लोक नृत्य प्रतियोगिता का संचालन धनीराम ठाकुर करेंगे। दैनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि कार्यक्रम की प्रबंधन कमेटी भी गठित कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि मेला में आने वाले स्टार कलाकारों का चयन 16 अक्तूबर को होने वाली प्रबंधन कमेटी की बैठक में किया जाएगा। मेला कमेटी के सदस्यों ने मेले को सफल बनाने के लिए सभी विभागों से आवश्यक तैयारियों और जिम्मेदारियों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।