कहा-जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 203 सड़कों को दी गई मंजूरी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू। रोहड़ू उपमंडल की धराड़ा पंचायत के गेओटा गांव को सड़क सुविधा मिल गई है। बुधवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गेओटा गांव में 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान 203 सड़कों को मंजूरी दी गई है। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 29 सड़कें और अन्य योजनाओं के अंतर्गत 17 सड़कें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान बनाने के साथ बागवानी और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने, ऋण सीमा में कटौती और प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रदेश के वित्तीय संसाधनों पर दबाव बढ़ा है। इसके बावजूद सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। रोहित ठाकुर ने शिक्षा क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। वहीं, परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में प्रदेश ने 18वें से पांचवें स्थान पर जगह बनाई है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह मेहता, बीडीसी अध्यक्ष रोहड़ू ज्ञानपति, एसडीएम धर्मेश रामौत्रा, पंचायत प्रधान दलीप मुखिया सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अप्रैल 2027 तक पूरा होगा शरौंथा स्कूल भवन
शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शरौंथा के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए अप्रैल 2027 तक भवन का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधायक प्राथमिकता के तहत निर्माणाधीन 6.2 किलोमीटर लंबी शरौंथा-कराली-कांगर-कलगौंटीर सड़क का भी जायजा लिया। करीब 7 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क का कार्य समय पर पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने गेओटा-खलाई संपर्क सड़क की मांग पर सकारात्मक पहल करने और पशु चिकित्सालय भवन के प्रस्ताव को आगामी बजट में शामिल करवाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।