ठियोग में पंचायतीराज मंत्री ने कई विकास कार्यों के किए शुभारंभ
प्रदेश में एक समान डिजाइन के होंगे सभी पंचायत घर भवन: अनिरूद्ध
विधायक कुलदीप राठौर को बताया कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का उम्मीदवार
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने मंगलवार को ठियोग क्षेत्र के दौरे के दौरान विकास की कई सौगात दीं। मंत्री ने जैस, डम्याना और धारतपुन्नु पंचायत घरों को जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत समिति हॉल ठियोग और धमांद्री पंचायत घर का शिलान्यास किया। इन सभी निर्माण कार्यों पर कुल 3.32 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मंत्री ने कहा कि पहले पंचायत घर बिना किसी विजन के बनाए जाते थे और धन की भी भारी कमी रहती थी, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में अब पूरे प्रदेश में एक समान डिजाइन के पंचायत घरों का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार यह नया डिजाइन दोमंजिला भवनों का है, जिन्हें बनाने में कम से कम दस बिस्वा जमीन की आवश्यकता होगी। मंत्री ने बताया कि एक पंचायत घर के निर्माण पर लगभग 1.14 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मंत्री ने बताया कि इसी योजना के तहत ठियोग के धमांद्री और भाज पंचायतों में नए पंचायत घर बनाए जाएंगे, जो साल 2027 तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इन भवनों का उद्घाटन विधायक कुलदीप राठौर के साथ मिलकर किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि अब तक पंचायतीराज विभाग ने ठियोग को कुल 3.32 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार से कोई विशेष वित्तीय सहायता नहीं मिल रही है, लेकिन प्रदेश सरकार स्वयं अपने संसाधनों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों और जनता की सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर पंचायत स्तर पर बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार किया जाए, ताकि विकास की गति और तेज हो सके और जनता को सीधे लाभ मिल सके।
मंत्री ने विधायक कुलदीप राठौर की सराहना करते हुए उन्हें नए प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए संभावित उम्मीदवार बताया। उनके इस वक्तव्य पर मंच पर बैठे कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर समर्थन जताया। मंत्री ने कहा कि राठौर हमेशा पार्टी और संगठन को मजबूत बनाने की बात करते हैं और कांग्रेस के सभी विधायक जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं।