रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर में प्राथमिक सदस्यता अभियान में महिलाओं को अधिक से अधिक जोड़ने के लिए जिला स्तर पर तीन प्रभारी नियुक्त किए गए। इसके लिए रिकांगपिओ में भाजपा महिला मोर्चा की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा सचिव सुषमा मखैक ने की।
तीन प्रभारियों में जिला महिला मोर्चा अध्यक्षा देव ऋषि जिला प्रभारी निचार मंडल, पूर्व जिला परिषद अध्यक्षा प्रतिश्वरी नेगी को कल्पा मंडल और जिला परिषद अध्यक्षा टाशी यांगचेन को पूह मंडल के सदस्यता की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है। महिला मोर्चा प्रदेश सचिव सुनीता देवी जिला स्तर पर चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को देखेंगी। तीनों मंडलों में जिला महिला मोर्चा महामंत्री राम देवी को निचार मंडल प्रभारी और निचार मंडल अध्यक्षा मायुम देवी को सह प्रभारी, कल्पा मंडल अध्यक्षा रवीना देवी को कल्पा मंडल प्रभारी, जिला कार्यालय सचिव कविता को सह प्रभारी, जिला महामंत्री कन्या देवी को पूह प्रभारी और जिला सचिव दीपिका को सह प्रभारी नियुक्त किया गया।
यह सभी बूथ स्तर पर इस अभियान को चलाएंगे। इस बैठक में एक बूथ में 10 सदस्यता का लक्ष्य दिया गया और मंडल स्तर पर एक मंडल में तीन हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया। महिला मोर्चा जिला प्रभारी ने बताया कि इस अभियान का सदस्यता निशुल्क है और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं। यह अभियान 31 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस सदस्यता अभियान के दौरान पौधरोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस 1 बूथ 10 सदस्य अभियान को कमल वाहिनी का नाम दिया गया है। इस दौरान महिला मोर्चा ने वन स्मृति वाटिका वन मंडल रिकांगपिओ किन्नौर में पौधा रोपा। इस अवसर पर प्रदेश महिला मोर्चा सचिव सुनीता देवी, रामपुर पार्षद साधना शर्मा, बारंग पंचायत प्रधान आशा कुमारी, बटसेरी प्रधान सीमा देवी, बीडीसी ब्रुआ शकुंतला देवी और दुनी महिला मंडल प्रधान कांति देवी मौजूद रही।