शिमला खड़ापत्थर मार्ग पर बर्फबारी के बीच गुरजते वाहन।
रोहडू़। उपमंडल में दो दिन से निचले क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी के बाद बुधवार को एचआरटीसी के 36 रूटों पर बस सेवा बंद हो गई है। सुबह से लंबी दूरी के 17 रूटों पर बसें नहीं चलीं और क्षेत्र के ऊंचाई वाले 19 रूटों पर बस सेवा थम गई है। इस दौरान परिवहन निगम की बसें केवल निचले क्षेत्र के रूटों पर ही चलीं। रोहडू़ डिपो में परिवहन निगम की बसें करीब 118 रूटों पर चलती हैं।
हिमपात के बाद कई रूट बंद होने से बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। रोहडू-शिमला मुख्य मार्ग पर खड़ापत्थर में हिमपात के बाद बुधवार को कोई भी बस नहीं भेजी गई। मुख्य सड़क के बंद होने से लंबी दूरी के सभी रूट बंद हो गए हैं। रोहडू-रामपुर के बीच भी बस सेवा बंद है। दो दिनों से लगातार बारिश और हिमपात के बाद पूरे क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप तेज हो गया है। बर्फ पर वाहनों के फिसलन के बाद कई सड़कों पर वाहन फंस रहे। डोडराक्वार के लिए भी वाहनों की आवाजाही चांशल घाटी पर भारी हिमपात के बाद बंद हो गई है।
परिवहन निगम के कार्यवाहक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेंद्र शर्मा ने कहा हिमपात के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों रूटों पर निगम की बस सेवाएं बंद कर दी गई हैं। उन्होंने कहा खड़ापत्थर और सुंगरी में हिमपात के बाद लंबी दूरी के 17 रूट बाधित हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के 19 रूट बंद हैं।
एसडीएम रोहडू़ सुरेंद्र ठाकुर ने कहा हिमपात के कारण सड़कों पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोग अनावश्यक यात्रा से बचें। हिमपात वाली सड़कों पर वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा रोहडू़-शिमला मुख्य मार्ग पर बसों की आवाजाही बंद कर दी गई है। मौसम खुलने पर ही लोग सफर के लिए निकले।