रामपुर नगर परिषद में विभिन्न समस्याओं को लेकर कार्यकारी अधिकारी नप को ज्ञापन सौंपते व्यापार मंड
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर में एक नहीं, ढेरों समस्याएं हैं। शहर में महिलाओं के लिए न तो शौचालय है और न ही बुजुर्गों के लिए पार्क की कोई उचित व्यवस्था। वहीं, शहर में मजदूर भी मनमाने दाम वसूल रहे हैं। शहर में स्थानीय लोगों के कुत्ते जगह-जगह गंदगी फैला रहे हैं।
इसी कड़ी में शनिवार को व्यापार मंडल ने अध्यक्ष दीपक सूद की अध्यक्षता में नप के कार्यकारी अधिकारी हरि शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि शहर में चारों तरफ बिजली के तारों का जाल बिछाया गया है। किसी भी गली में आवागमन करते समय कोई भी दुर्घटना हो सकती है। बिजली के तारों को सही तरीके से लगाने, शहर में टेलीफोन के तारों समेत इंटरनेट केबल को भी व्यवस्थित तरीके से बिछाने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि शहर में कहीं भी महिला शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। शहर वासियों के कुत्ते जगह-जगह गंदगी फैला रहे हैं। इसके बारे मेें भी जल्द उचित कदम उठाए जाएं। शहर में जगह-जगह रेहड़ी-फड़ी वाले बैठे हैं, जिससे बाजार का व्यापार प्रभावित हो रहा है। शिशु पार्क के पास जहां पर बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच लगाए गए हैं, उस जगह अनाधिकृत रूप से कब्जा किया गया है।
शिशु पार्क में बच्चों को खेलने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, शहर में सभी मजदूरों का पंजीकरण किया जाए और सामान ढोने के मूल्य निर्धारित किए जाएं। आए दिन बाजार में मजदूर बेवजह आम नागरिकों का शोषण कर रहे हैं। इस मौके पर पंकज बराड़ और कर्ण शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।