रोहड़ू। उपमंडल की खंगटेड़ी, भलाड़ा और कुई पंचायत में मंगलवार देर शाम हुई भारी ओलावृष्टि से सेब और नाशपाती को भारी नुकसान हुआ है। उद्यान विभाग की ओर से बुधवार को नुकसान का आकलन किया गया। विभाग के मुताबिक तीन पंचायतों में बागवानों को चार करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
क्षेत्र में मंगलवार देर शाम कई स्थानों पर ओलावृष्टि इतनी तेज हुई कि कुछ देर में ही जमीन ओलों से सफेद हो गई। सेब के पौधों से पत्ते और फल कटकर जमीन पर गिर गए। वहीं कई सेब के दाने ओलों से फट गए हैं। तीनाें पंचायतों के खदराला, खंगटेड़ी, बजैशल, पेखाधार, केवली, सरास, पगास, खदराला, भलाडा, गड़ाई, कुई, बारला, छपोटी, धारा, टिलरी सहित कई गांव में ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है।
उद्यान विभाग के विषय वाद विशेषज्ञ संजय कुमार ने बताया कि ओलावृष्टि मंगलवार देर शाम हुई। तीन पंचायतों में भारी नुकसान हुआ है। चार करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि बागवानों को उद्यान केंद्रों से आवश्यक दवाइयां दी जा रही है। जिन बगीचों में ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। वहां बागवान स्प्रे करें।