पूह (किन्नौर)। भारतीय रिजर्व बैंक के सौजन्य से जिला किन्नौर में कक्षा 8 से 10वीं तक के सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए पूह स्कूल में खंड स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इसमें पूह विकास खंड के 8 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। अग्रणी जिला प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक रिकांगपिओ के तिलक राज डोगरा ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की ओर से भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशानुसार वित्तीय साक्षरता के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रारंग की इशिता और दिनेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंगी ने द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि बैंक की तरफ से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 4,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 3,000 रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप दी गई।
प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को जिला प्रबंधक ने प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के लिए जिला स्तर पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संवाद