किन्नौर पुलिस की टीम पोवारी में चरस बरामद करते हुए।
- फोटो : RAMPUR-HP
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर पुलिस ने जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब और चरस बरामद की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी और एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रिकांगपिओ के मुताबिक एसएसआई रिकांगपिओ नरेंद्र कुमार कौंडल, आरक्षी राकेश, सन्नी कुमार, विनय कटोच का दल शनिवार देर शाम को गश्त पर था। पुलिस को सूचना मिली कि शौंगटोंग के पास ढाबे में अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। पुलिस ने एनएच पांच किनारे स्थित ढाबे में छापेमारी कर 2 हजार मिली लीटर कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने ढाबा संचालक सुनील कुमार, निवासी नेपाल के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 39-1ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने ढाबा संचालक को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियां न करे। दूसरे मामले में एएसआई रिकांगपिओ लायक राम, आरक्षी विकास पोवारी के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान शराब ठेके के पास ढाबा संचालक गणेश बहादुर, निवासी नेपाल की शक होने पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उक्त व्यक्ति से 16 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी किन्नौर विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने दो मामलों में अवैध शराब और चरस बरामद की है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों को पुलिस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।