नोग वैली में भालू के बाद अब तेंदुए की दहशत में ग्रामीण
घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। नोग वैली में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले भालू के आतंक से लोग सहमे थे, वहीं अब क्षेत्र में तेंदुआ भी आ धमका है। शुक्रवार शाम को गोशाला के पास तेंदुए ने गाय को मौत के घाट उतार दिया।
तेंदुए ने मान देन शर्मा निवासी खनैशणी की जर्सी गाय पर अचानक हमला किया। पशुपालक की आजीविका दूध पर ही निर्भर है। लालसा पंचायत प्रधान मोहन लाल जिप्टा ने कहा कि जंगली जानवरों के खौफ से लोगों का घर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो चुका है। भोजन की तलाश में जंगली भालू और तेंदुए लगातार गांव के आसपास आतंक फैला रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारी और कर्मियों ने डंसा बीट के खनैशणी पहुंचकर मृत गाय का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इससे पहले भी तेंदुए के हमले में दर्जनों लोगों के पालतू पशु मारे जा चुके हैं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।